मोतिहारी, 04 मई (वार्ता) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार को तेज आंधी और बारिश में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव स्थित मोतिहारी-ढाका पथ पर एक ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिर गया। इस घटना में शिकारगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट निवासी आठ वर्षीय चुनचुन कुमार और थरघटवा निवासी 24 वर्षीय धीरज कुमार की मौत हो गयी। ऑटो रिक्शा सवार रामदुलारी देवी और संगीत कुमारी को गम्भीर चोटें आई हैं। दोनों घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मंजू सहनी की आठ वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और जयलाल सहनी के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी देवल की झुलसकर मौत हो गयी। वहीं जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चन्दन महतो की ढाई वर्षीय नतिनी सरस्वती कुमारी की मौत हो गयी। वह पलनवा थाना क्षेत्र के गादसिरिसिया निवासी अरविंद महतो की पुत्री है और अपने ननिहाल आयी थी।
पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने इन घटनाओं पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए “यूनीवार्ता” को बताया कि आपदा राहत कोष से सभी मृतकों के परिजनों को शीघ्र चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
