मोतिहारी, 18 जुलाई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि उनकी सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
श्री कुमार ने शुक्रवार को मोतिहारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय बिहार का वार्षिक बजट केवल 24,000 करोड़ रुपये था, जबकि अब यह तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और यह अपने आप में प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने बीते दो दशकों में राज्य में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी को बिहार के प्रति विशेष ध्यान और सतत सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
श्री कुमार ने राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान आठ रेल परियोजनाओं, सात सड़क परियोजनाओं और कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया, साथ ही चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुआ है।उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पूरे राज्य में सड़कों और पुलों का जाल बिछाया है। ‘सात निश्चय योजना’ के तहत हर घर में बिजली, पेयजल, शौचालय और सभी बस्तियों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य पूरा हो चुका है।
