चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान का कैंपस प्लेसमेंट अगस्त-सितंबर में 29 केंद्रों पर

चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान का कैंपस प्लेसमेंट अगस्त-सितंबर में 29 केंद्रों पर

नयी दिल्ली, 28, जुलाई (वार्ता) भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) मुख्य रूप से इस वर्ष मई की सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए 65वें कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम तीन अगस्त से 25 सितंबर तक कराने की घोषणा की है। संस्थान की एक विज्ञप्ति के अनुसार, उसका प्लेसमेंट निदेशालय देश भर में 29 केंद्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य नव-अर्हताप्राप्त चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी संस्थाओं से जोड़ने के लिए एक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-संचालित मंच उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से वित्त, कराधान, ऑडिट, कंसल्टिंग, जोखिम प्रबंधन, एनालिटिक्स, बैंकिंग, विनिर्माण तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

मई 2026 में सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 7,931 अभ्यर्थियों में से 6,399 नव-अर्हताप्राप्त चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में 78 संस्थाएं भाग ले रही हैं तथा अब तक 5,339 रिक्तियों की सूचना दी जा चुकी है। इसके लिए देशभर के 29 केंद्रों पर अगस्त और सितंबर के दौरान साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। संस्थान की विज्ञप्ति के अनुसार, दिल्ली में तीन, चार, पांच, छह एवं सात अगस्त; मुंबई एवं पुणे में चारपांच, छह, सात एवं आठ अगस्त; कोलकाता में पांच, छह, सात, आठ एवं 10 अगस्त; अहमदाबाद, बेंगलुरु एवं चेन्नई में 10, 11, 12, 13 एवं 14 अगस्त; हैदराबाद एवं जयपुर में 11, 12, 13, 14 एवं 17 अगस्त; नोएडा एवं ठाणे में 21 एवं 22 सितंबर; भुवनेश्वर, कोयंबटूर, एर्नाकुलम, विशाखापट्टनम एवं इंदौर 23 एवं 24 सितंबर तथा भोपाल, चंडीगढ़, दुर्गापुर, गुवाहाटी, कानपुर, लखनऊ, नागपुर, पटना, रायपुर, राजकोट, रांची, रतलाम एवं वडोदरा में 25 सितंबर को साक्षात्कार कार्यक्रम रखे गये हैं।

आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी ने कहा, “संस्थान नव-अर्हताप्राप्त चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित करता है, जो प्रमुख नियोक्ताओं को कुशल पेशेवरों से जोड़ने और उनकी भर्ती के लिए एक ही मंच उपलब्ध कराता है। अपने प्लेसमेंट तंत्र को और सुदृढ़ बनाने के लिए संस्थान ने प्रौद्योगिकी-आधारित भर्ती प्रक्रियाएं, नियोक्ता संपर्क पहल, अभ्यर्थी उन्मुखीकरण कार्यक्रम, साइकोमेट्रिक एवं एप्टीट्यूड मूल्यांकन, करियर काउंसलिंग तथा उद्योग-केंद्रित क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू किए हैं।”उल्लेखनीय है कि अप्रैल–मई 2026 में आयोजित 63वें कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम में 2,570 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्तियां मिली थीं। इस दौरान सर्वोच्च घरेलू वार्षिक पैकेज 27.50 लाख रुपये रहा जबकि औसत वार्षिक सीटीसी 13.00 लाख रुपये की थी |

.....

Next Post

स्पेन : बार्सिलोना मेट्रो में आग लगने से 136 लोग धुएं से प्रभावित

Tue Jul 28 , 2026
बार्सिलोना, 28 जुलाई (वार्ता/स्पूतनिक) स्पेन के बार्सिलोना मेट्रो में सोमवार को आग लगने की घटना में 136 लोग धुएं के संपर्क में आने से प्रभावित हुए, जिनमें से 39 को हल्की से मध्यम अवस्था में उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बार्सिलोना अग्निशमन विभाग ने बताया कि […]

You May Like