जबलपुर: आधारताल पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 32 बोर की पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अधारताल तालाब स्थित हनुमान मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 20 वर्षीय श्रेयांश गुप्ता को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी कमर के पीछे से एक अवैध 32 बोर की पिस्टल और लोवर की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हथियार सुहागी निवासी एक व्यक्ति से खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी की तलाश भी की जा रही है।
