सतना :युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत जिला स्तरीय समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, जितेन्द्र वर्मा, एलआर जांगडे, सुमेश द्विवेदी, जिला युवा अधिकारी तनिष्क विजयवर्गीय, एनएसएस जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से के.के. तिवारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना, विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान तथा माई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं के पंजीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। युवाओं को स्वयंसेवक, मेंटरशिप, क्विज़ एवं नेतृत्व विकास जैसे अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने जिले के 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं को माई भारत पोर्टल से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही जिले के समस्त स्कूलों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में अधिक से अधिक माय भारत में रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की।
