
भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने जिला बदर बदमाश को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से मौके पर मिली छुरी को भी जब्त किया गया.
पुलिस के मुताबिक बदमाश अरबाज उर्फ बब्लू उर्फ फारूख उर्फ भैय्यू पिता मुन्ना उर्फ सलीम (26) को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के खिलाफ थाना गौतम नगर, ऐशबाग, जहांगीराबाद, गांधी नगर, निशातपुरा मंगलवारा थानों में लूट, चोरी, अड़ीबाजी, अवैध हथियार रखना, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना, सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करना, मारपीट करना एवं जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर अपराध दर्ज थे. आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने जिला भोपाल और उससे लगे अन्य जिले विदिशा, सीहोर, रायसेन, राजगढ़ एवं नर्मदापुरम की राजस्व सीमाओं से 1 वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किए जाने का आदेश 15 अक्टूबर 2025 को जारी किया था. जिला बदर आदेश के आरोपी को भोपाल जिले से बाहर किया गया था. आरोपी को अवैध छुरी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जिला बदर आदेश उल्लंघन के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया.
