इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन के यहां कार्यरत माली और पड़ोसियों के बीच रास्ते में खड़े होने की बात को लेकर विवाद हो गया. मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है.माली अरविंद यादव ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले राजेश चौहान, संगीता चौहान, विवेक, अमन, विक्की, मिथुन और अर्जुन चौहान ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की. इस पर पुलिस ने अरविंद की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर अरविंद यादव और उसके परिवार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है. 24 मई को अरविंद यादव ने घर के सामने खड़े रहने पर राजेश चौहान को टोका था. इसी बात पर विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई. घटना के बाद मामला थाने पहुंचा और उसी दिन दोनों ओर से केस दर्ज कर लिए गए. मामले में एसीपी रूबीना मिजवानी ने बताया कि मामले की जांच जारी है, पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज किए हैं. विवाद अब पुलिस कमिश्नर स्तर तक पहुंच गया है, जहां मामले से जुड़े आरोपों और शिकायतों की समीक्षा की जा रही है.
