हरदा से भोपाल घेराव के लिए निकले किसान रोके गए, गंजाल नदी पुल और अबगांव खुर्द पर भारी पुलिस बल तैनात

हरदा। शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर भोपाल तक प्रस्तावित पैदल मार्च में शामिल होने जा रहे हरदा जिले के किसानों को सोमवार को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया।

संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रदेश के 13 किसान संगठन भोपाल कूच की तैयारी कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग शत-प्रतिशत मूंग खरीदी और खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था लागू करना है। इस आंदोलन में शामिल होने के लिए हरदा जिले से भी बड़ी संख्या में किसान कारों से रवाना हुए थे।

पुलिस ने ग्राम अबगांव खुर्द के पास बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को रोक दिया। वहीं, टिमरनी पुलिस ने हरदा और नर्मदापुरम जिले की सीमा पर गंजाल नदी के पुल पर भी किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया। नर्मदापुरम शहर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।किसान नेता राम इनानिया ने कहा कि सरकार एक एकड़ में केवल 1 क्विंटल 20 किलो मूंग खरीद रही है, जबकि उनकी मांग है कि किसानों की पूरी मूंग खरीदी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है।

राम इनानिया ने कहा कि किसान नर्मदापुरम पहुंचकर अन्य जिलों के किसानों के साथ पैदल भोपाल जाएंगे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने सरकार पर किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब तक शत-प्रतिशत मूंग खरीदी का फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Next Post

मूंग खरीदी और खाद के ई-टोकन की मांग को लेकर किसानों का उग्र आंदोलन: 3 लेयर बैरिकेडिंग तोड़ी, राष्ट्रगान गाकर जताया विरोध

Mon Jul 27 , 2026
नर्मदापुरम। मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भोपाल कूच कर रहे किसानों ने सोमवार को नर्मदापुरम में पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी. नर्मदा ब्रिज पर पुलिस और किसानों के बीच आमना-सामना हुआ.इसी दौरान एक किसान भावुक होकर एसपी […]

You May Like