रेखा गुप्ता ने त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का किया उद्घाटन

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खेल केवल स्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन युवाओं को उत्कृष्टता, अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करने के साथ वैश्विक मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नयी ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। देश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का विकास, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। दिल्ली सरकार राजधानी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक खेल सुविधाओं और बेहतर आयोजन क्षमता के साथ दिल्ली अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, उत्कृष्ट प्रदर्शन और आपसी सम्मान के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने दिल्लीवासियों से भी बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह चैंपियनशिप केवल विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेजबानी गर्व और सम्मान का विषय है।

श्री सूद ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। कक्षा विद्यार्थियों को ज्ञान और सोचने की क्षमता देती है, जबकि खेल उन्हें टीम भावना, धैर्य, नेतृत्व, अनुशासन, संघर्षशीलता और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खेल अवसंरचना मजबूत करने के साथ प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने पर भी ध्यान दे रही है। बाइसवीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। इसमें कॉमनवेल्थ के 25 सदस्य देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, बारबाडोस, बोत्सवाना, कनाडा, साइप्रस, इंग्लैंड, फॉकलैंड आइलैंड्स, जमैका, केन्या, मलावी, मलेशिया, मालदीव, नामीबिया, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, नॉर्दर्न आयरलैंड, स्कॉटलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेल्स, जाम्बिया और जिम्बाब्वे शामिल हैं।

.....

Next Post

गुरु पूर्णिमा महोत्सव: नगर निगम ने 5 नए जल टैंकरों का किया शुभारंभ

Mon Jul 27 , 2026
खंडवा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर शहर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। इसी क्रम में महापौर अमृता अमर यादव ने नवीन नगर निगम कार्यालय भवन में 5 नए पानी के टैंकरों का पूजन कर शुभारंभ किया। महोत्सव […]

You May Like