सीहोर। शहर के व्यापारिक विकास को नई दिशा देते हुए रविवार को राजा भोज कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया गया. 2 करोड़ की लागत से निर्मित इस आधुनिक कॉम्प्लेक्स में 40 दुकानों का निर्माण किया गया है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को बेहतर एवं व्यवस्थित व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. लोकार्पण के अवसर पर कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों व नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि राजा भोज काम्प्लेक्स शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर व्यापारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा और शहर की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा. नपा लगातार ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों और व्यापारियों को मिले. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित, सुंदर व सुविधायुक्त बनाना है.कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, पार्षद विजेंद्र परमार, दिनेश कुशवाहा, कमलेश राठौर, प्रदीप बिजोरिया, आशीष गहलोत, प्रदीप गौतम, अर्जुन राठौर, कमलेश कुशवाहा, लोकेंद्र वर्मा, नरेंद्र राजपूत, अजय पाल, राहुल राय सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं व्यापारी उपस्थित थे.
