इंदौर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री का कल इस्तीफा होने के बाद रविवार को कांग्रेस ने विजय रैली निकाली. रैली मधुमिलन चौराहे से अंबेडकर प्रतिमा गीता भवन चौराहा तक निकाली गई. नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर छात्र छात्राओं द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही थी. रैली में युवाओं और छात्रों द्वारा पूरे रास्ते नारेबाजी की गई.
नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली की लेकर जंतर मंतर पर छात्रों छात्राओं ने 25 दिन तक आंदोलन किया. काकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में देश के कई शहरों में छात्रों द्वारा आंदोलन किया जा रहा था. इसके बाद देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग जोर पकड़ती गई. केंद्र सरकार का अड़ियल रवैये के कारण आंदोलन में दिन प्रतिदिन आक्रोश बढ़ता जा रहा था, जिसे सरकार समझ नहीं पाई.
परिणाम स्वरूप लाठीचार्ज और पुलिस की बर्बरता से पूरे देश में भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद हो गई. अंततः केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. इस्तीफे की खबर मिलते ही देश भर में छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई. आंदोलन में शामिल कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने प्रधान के इस्तीफे को छात्रों ओर युवाओं की जीत बताया। इसी की लेकर आज कांग्रेस ने छात्रों के समर्थन में विजयी रैली निकाली. जुलूस में बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थी भी शामिल हुए।
21 विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि
जुलूस के समापन पर नीट की परीक्षा के बाद आत्महत्या करने वाले 21 विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी गई. मधुमिलन चौराहे से शुरू होकर गीता भवन चौराहा पर अंबेडकर प्रतिमा पर रैली का समापन हुआ. रैली में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राजेश चौकसे, अर्चना जयसवाल, पिंटू जोशी, नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट, पार्षद राजू भदोरिया, अमित पटेल, रफीक ख़ान, अनवर दस्तक, सुदामा चौधरी, आकाश कुशवाहा, विनय बाकलीवाल, राजा चौकसे, अमन बजाज, शैलेश गर्ग, अरविंद बागड़ी संजय बाकलीवाल, अमित चौरसिया, लोकेश हार्डिया, रीता डांगरे, शशि हाड़ा, किरन जिरेती सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं के साथ युवाओं शामिल थे.
