जबलपुर: हनुमानताल थाना क्षेत्र मेंं एक सहेली के पति ने पारिवारिक संबंधों का फायदा उठाकर महिला की अस्मत से खिलवाड़ किया। आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे अपने पति से तलाक लेने के लिए मजबूर किया। जब महिला ने घुटने टेकने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने वे तस्वीरें उसके पति, देवर और ससुराल वालों को भेज दीं। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़त 34 वर्षीय महिला का पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर रहता है। घर पर महिला अकेली रहती थी, जिसका फायदा उठाकर उसकी सहेली और सहेली का पति अनवार अंसारी अक्सर वहां आने-जाने लगे। इसी दौरान अनवार ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और चुपके से उसकी कुछ बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद आरोपी अनवार ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया।
वह महिला पर लगातार बातचीत करने और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया, तब आरोपी ने उसे तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। महिला ने रोते हुए तस्वीरें डिलीट करने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। उसने महिला के सामने शर्त रख दी कि वह अपने पति को तुरंत तलाक दे दे। जब महिला ने उसकी बात मानने से साफ इनकार कर दिया, तो अनवार ने उसे समाज में बर्बाद करने की धमकी दी। आरोपी ने सबसे पहले महिला के चरित्र को लेकर पूरे मोहल्ले में अनर्गल और झूठी बातें फैलाईं।
इसके बाद उसने वे तस्वीरें महिला के ससुराल वालों को दिखा दीं। ससुराल में हुए भारी विवाद के बाद पीडि़ता को मजबूरन अपना घर छोडक़र मायके जाना पड़ा। इतनी प्रताडऩा झेलने के बाद भी जब महिला ने आरोपी से संपर्क नहीं किया, तो बौखलाए अनवार अंसारी ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। उसने वे सभी आपत्तिजनक तस्वीरें महिला के पति और देवर के मोबाइल पर भेज दीं। आखिरकार मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर पीडि़ता ने हनुमानताल थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
