जबलपुर: नरसिंहपुर जिला, सुआतला थाना अंतर्गत इंद्रा नगर हाथीनाला के सामने एनएच 45 मेें बीती 19 जुलाई को सुनियोजित साजिश के तहत हाइवा से कुचलकर जबलपुर निवासी पांच युवकों की हत्या करने के मामले में फरार ऋतुराज निवासी बेलखेड़ा ने शहर के माढ़ोताल थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इसके बाद माढ़ोताल पुलिस ने इसकी सूचना सुआतला थाने को दी। जिसके बाद नरसिंहपुर पुलिस जबलपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को अपने साथ ले गई।
विदित हो कि 19 जुलाई को सुआतला थाना अंतर्गत इंद्रा नगर हाथीनाला के सामने जबलपुर की ओर से आ रहे एक बिना नंबर के एक तेज रफ्तार डंपर ने सडक़ किनारे खड़े आधा दर्जन से अधिक लोगों को बेरहमी से कुचल दिया था। जिसमें राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी, राजपाल लोधी, जयपाल लोधी, नीरज की मौत हो गई थी। मामले की जांच में यह बात सामने आई कि यह एक्सीडेंट नहीं, सुनियोजित तरीके से साजिश रचते हुए हत्याएं की गई थी।
जांच में यह बात सामेन आई कि राजेंद्र पटेल की सुंदरदेही-जबलपुर निवासी आनंद सिंह लोधी से पुरानी रंजिश थी। मामले में जबलपुर के स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अमित खरे समेत आरोपी आनंद लोधी, अनुज लोधी निवासी सुंदरादेही, अरविंद पटेल, नरेंद्र सिंह, राजा पटेल, भरत पटेल, अनिल को गिरफ्तार किया गया जबकि शुभम पटेल, प्रीतम बर्मन और ऋतुराज फरार हो गए थे। ऋतुराज ने शहर के माढ़ोताल थाने में सरेंडर किया। रविवार को नरसिंहपुर पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
