
छिंदवाड़ा | जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों पर हमलों का सिलसिला थम नहीं रहा है। जुन्नारदेव में शनिवार को अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त करने के कुछ घंटे बाद राजस्व निरीक्षक (आरआई) राहुल कबले पर कथित रेत तस्करों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बीच रास्ते रोककर उनसे विवाद किया गया और थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक दोनों आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके थे।
पुलिस के अनुसार आरआई राहुल कबले शनिवार सुबह एसडीएम और तहसीलदार के निर्देश पर अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकले थे। इस दौरान उन्होंने रेत से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा और नियमानुसार जब्त कर तहसील कार्यालय परिसर में खड़ा करा दिया। कार्रवाई पूरी करने के बाद वे घर लौट गए।
दोपहर करीब 12 बजे निजी काम से बाजार जाते समय पुल के पास हिमांशु टांडेकर और हरीश टांडेकर ने उन्हें रोक लिया। ट्रैक्टर जब्त किए जाने को लेकर दोनों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान हिमांशु ने आरआई के चेहरे पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राहुल कबले शिकायत दर्ज कराने थाने के लिए रवाना हुए।
शिकायत में बताया गया है कि रास्ते में दोनों आरोपियों ने उन्हें दोबारा रोक लिया और फिर विवाद करने लगे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। होश आने के बाद वे सीधे जुन्नारदेव थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने राहुल कबले की शिकायत पर हिमांशु टांडेकर और हरीश टांडेकर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
