रिश्तेदारों की डिग्री चुराकर बनी फर्जी डॉक्टर, कमाया करोड़ों का काला धन; अब चढ़ी पुलिस के हत्थे

ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने फर्जी मेडिकल डिग्रियों और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर डॉक्टर बनकर नौकरी करने एवं आर्थिक लाभ अर्जित करने के मामले में 25 हजार रुपये की इनामिया महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान तालाबपुरा व हाल म.प्र. सागर के खुरई निवासी लवीना सिंह उर्फ दीपाली गुप्ता पत्नी अभिनव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में एएसपी कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 1422/2025 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 336(4), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत की गई। मामले की शिकायत उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रामनरेश सोनी द्वारा की गई थी। आरोप था कि अभियुक्त दंपति ने अपने रिश्तेदारों की एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियों का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर विभिन्न अस्पतालों में डॉक्टर के पद पर नौकरी हासिल कर ली। आरोपियों ने स्वायत्तशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में कार्डियोलॉजिस्ट और जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ बनकर नौकरी की तथा आर्थिक लाभ प्राप्त किया। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्ता और उसके पति अभिनव सिंह ने बहनोई डा.राजीव गुप्ता एवं ननद डा.दीपाली गुप्ता के मेडिकल दस्तावेजों में कूटरचना कर फर्जी पहचान के आधार पर कई वर्षों तक अलग-अलग स्थानों पर डॉक्टर बनकर कार्य किया। पुलिस के अनुसार इस दौरान उन्होंने भारी धनराशि अर्जित कर जमीन, मकान और महंगी गाडय़िां खरीदीं। पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी और पति पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों ने मिलकर यह षड्यंत्र रचा। वर्ष 2019 में उसके पति अभिनव सिंह को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद दोनों ने दोबारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में डॉक्टर के रूप में कार्य किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभियुक्त अभिनव सिंह को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब प्रकाश में आई अभियुक्ता लवीना सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी एवं निरीक्षक नरेन्द्र सिंह थाना कोतवाली ललितपुर अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

Next Post

कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का किया फैसला

Wed May 20 , 2026
कोलकाता, 20 मई (वार्ता) कोलकाता नाइट राइडर्स ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 65वें मुकाबले में टॉस जीत कर मुम्बई इंडियंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हम पहले […]

You May Like