इंदौर:सांवेर रोड के सी सेक्टर स्थित पुस्टा निर्माण एवं पैकिंग की फैक्ट्री में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी. करीब 10 घंटे चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका.आग रात करीब दो बजे लगी, कुछ ही देर में लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया.
आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.सूचना मिलते ही लक्ष्मीबाई नगर और सांवेर रोड फायर स्टेशन से चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे. आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों को फैक्ट्री के भीतर पहुंचने में काफी परेशानी हुई. रास्ता बनाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से टीन शेड और दीवार तोड़नी पड़ी. घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई. हालांकि फैक्ट्री में हुए नुकसान का अभी आकलन नहीं हो सका है.
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही
फायर अधिकारी बलजीत सिंह हुड्डा ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए करीब 10 कर्मचारियों ने रातभर अभियान चलाया. आग बुझाने में लगभग 1 लाख 14 हजार लीटर पानी का उपयोग किया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है
