
छतरपुर। छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित ढढ़ारी के डीआरपी पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 की एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने स्कूल के हेडमास्टर लखन प्रजापति पर डंडे से पिटाई करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा था। आरोप है कि बच्चों पर सीट खाली करने का दबाव बनाया गया। जब छात्रा सहित कुछ बच्चों ने सीट छोड़ने से इनकार किया, तो कथित रूप से दो दिनों तक उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में अभी तक स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।
