सुठालिया: नगर में अतिक्रमण मुहिम के दूसरे दिन व्यापारियों ने सड़क पर कब्जा हटाने के विरोध में धरना दिया. अतिक्रमण की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र के बाहर दुकानों के सामने बने अवैध कब्जों को हटाया. इस दौरान करीब 40 दुकानों के आगे से टीन शेड, चबूतरे और अन्य अस्थायी निर्माण जेसीबी की मदद से ढहाए गए.
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यातायात ठप हो गया. स्थिति बिगड़ती देख बसों और अन्य गाडयििों को शहर की अंदरूनी गलियों से गुजारा गया. बाद में अधिकारियों की समझाइश और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम खत्म हुआ.
स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के समय तहसीलदार रामनिवास धाकड़, नगर परिषद सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती और थाना प्रभारी अनिल राहोरिया समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा. प्रशासन ने बताया कि नगर परिषद पहले ही करीब 250 दुकानदारों को नोटिस जारी कर चुकी थी और मुनादी कराकर चेतावनी भी दी गई थी. इसके बाद अतिक्रमण को लोगों द्वारा स्वयं नहीं हटाने के बाद प्रशासन को अपनी ओर से कार्यवाही करनी पड़ी है. नगर को व्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने के लिए मुहिम को चलाया जा रहा है.
दो दिन की आखिरी मोहलत और सख्त चेतावनी
250 दुकानदारों को मिले नोटिस, मुनादी के बाद कार्यवाही
जाम हटने के बाद प्रशासन ने दुकानदारों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की अंतिम मोहलत दी है. सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने साफ कहा कि तय समय के बाद यदि कब्जे नहीं हटाए गए, तो नगर परिषद खुद कार्रवाई करेगी और उसका पूरा खर्च संबंधित दुकानदारों से ही वसूला जाएगा. उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि बेवजह अतिक्रमण से सड़कों की यातायात, सुंदरता, निकासी आदि बाधित होती है. शहर को व्यवस्थित रखने के लिए यह जरूरी है.
