जबलपुर: एमपी स्टेट बार काउंसिलन निर्वाचन-2026 की मतगणना का कार्य शुक्रवार को भी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से जारी रहा। इस दौरान टीकमगढ़, बडऩगर, महिदपुर, तराना, खाचरोद, नागदा और उज्जैन की मतपेटियों की सफलता पूर्वक गणना पूरी की गई।निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतगणना स्थल पर सुरक्षा और अनुशासन की समुचित व्यवस्था रही तथा प्रत्येक चरण समयबद्ध तरीके से संपन्न हो रहा है।
अब तक की प्रथम वरीयता मतों की गणना में राकेश सिंह भदौरिया बढ़त बनाए हुए हैं। उनके बाद विवेक सिंह, आरके सिंह सैनी, संदीप मेहता और नरेंद्र कुमार जैन का स्थान है। महिला प्रत्याशियों में प्रवीण तिवारी सबसे आगे हैं, जबकि अनु पटेल, प्रतीका पाठक, रश्मि हेमंत जैन और प्रतिभा वालिया क्रमश: अगले स्थानों पर हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि चुनाव में लगभग 62 हजार मत पड़े थे। इनमें से अब तक 60,370 मतपत्रों की गणना पूरी हो चुकी है। कुल 58,306 मतपत्र वैध पाए गएए जबकि 2,064 मतपत्र नियमों के विपरीत होने के कारण निरस्त कर दिए गए। शेष प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ जारी है तथा मतगणना का सीधा प्रसारण परिषद के यूट्यूब चैनल और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
