
जबलपुर। महाराष्ट्र हाई स्कूल परिसर रंग-बिरंगी गतिविधियों और बच्चों की खिलखिलाहट से गूंज उठा, जब सोमवार से शुरू हुए ग्रीष्मकालीन शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। 15 जून तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों के उत्साह और ऊर्जा ने माहौल को जीवंत बना दिया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र जामदार ने बच्चों के बीच पहुंचकर इस पहल को उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पहले ही दिन शिविर में बच्चों के चेहरे पर खुशी और ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम में महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के सचिव प्रमोद पाठक, अनिल मोघे, महिला एवं बाल विकास विभाग से संयुक्त संचालक सुश्री कविता येडे, बाल भवन संचालक सुश्री शिवानी मौर्य सहित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया।
विविध विधाओं का दिया जाएगा प्रशिक्षण
शिविर में बच्चों को नृत्य, संगीत, वादन, अभिनय, चित्रकला, ध्यान योग, मार्शल आर्ट, कैलीग्राफी और लोक नृत्य जैसी विविध विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों में संगीता डोडानी, माधुरी मानवानी, महेश कुमार सिंह, प्रियंका साहू, इंद्र पांडे (लोक नृत्य), राजेंद्र विश्वकर्मा (कैलीग्राफी), रूपवती पटेल (मार्शल आर्ट), देवेंद्र यादव (योग), सौरभ वंशकार (वेस्टर्न डांस), डॉ. बैजनाथ गौतम (लोक संगीत), अक्षय सिंह ठाकुर (अभिनय), आयुष राठौर (हस्तकला), आयुष रजक (की-बोर्ड) और प्रद्युम्न कायंदे शामिल हैं।
मंच पर दिखी प्रतिभा की झलक
उद्घाटन के दौरान ही बच्चों ने अपनी-अपनी रुचियों के प्रति उत्साह जाहिर किया। वातावरण में संगीत की मधुर धुनें, नृत्य की ताल और कला की रचनात्मकता साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में श्रीमती विजयलक्ष्मी अय्यर, मोहिनी मोघे, डॉ. रेणु पाण्डेय, डॉ. शिप्रा सुल्लेरे, संध्या अग्रवाल, देवेंद्र यादव, सोमनाथ सोनी, पूर्णिमा चार्वेकर, सीता ठाकुर सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे। इस दौरान अभिभावकों और बच्चों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
