पश्चिम एशिया में अमेरिकी दूतावासों ने नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने पर विचार करने की दी सलाह

तेल अवीव, 02 अगस्त (वार्ता) पश्चिम एशिया में अमेरिका के दूतावासों ने शनिवार को क्षेत्र में संघर्ष बढ़ने की आशंका जताते हुए अमेरिकी नागरिकों से स्थिति बिगड़ने की संभावना को देखते हुए वहां से प्रस्थान करने पर विचार करने या इसके लिए तैयार रहने की सलाह दी है। इजरायल स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा, “पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षा स्थिति जटिल बनी हुई है और अप्रत्याशित रूप से तनाव बढ़ने की आशंका है। क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिक वहां से प्रस्थान करने पर विचार करें या हालात बिगड़ने की स्थिति में तत्काल रवाना होने के लिए तैयार रहें।

” इसी तरह के संदेश सऊदी अरब, कुवैत, जॉर्डन, इराक, ओमान, बहरीन और कतर स्थित अमेरिकी दूतावासों ने भी जारी किये हैं। अमेरिका ने पश्चिम एशिया के बाहर मौजूद अपने नागरिकों को भी क्षेत्र की यात्रा या इसके रास्ते यात्रा करने की योजनाओं पर पुनर्विचार करने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आठ जुलाई को कहा था कि 18 जून की रात ईरान के साथ हुआ युद्धविराम अब प्रभावी नहीं है। इसके बाद से अमेरिकी सेना ईरान पर कई हमले कर चुकी है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किये हैं। ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम संबंधी समझौता ज्ञापन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

.....

Next Post

मैहर में गूंजे शास्त्रीय संगीत के सुर, 'मैहर मल्हार' का शानदार शुभारंभ

Sun Aug 2 , 2026
मैहर: जिला प्रशासन की पहल पर ‘मैहर मल्हार संगीत सभा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। शासकीय संगीत महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, तबला जुगलबंदी और कथक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। हर महीने की पहली तारीख को इस सांगीतिक आयोजन का आयोजन किया जाएगा। Facebook Share on […]

You May Like