नाला के गंदे पानी से हो रही थी सब्जियों में सिंचाईं, 2 पंप, 22 पाइप जब्त 

जबलपुर। नागरिकों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की टीम ने गुरूवार को कठौंदा गाँव क्षेत्र में जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गयी।

इस संबंध में उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, स्वच्छता के सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र राज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मोतीनाला के प्रदूषित पानी का उपयोग सब्जियों की सिंचाई के लिए करते पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सख्त कदम उठाए। निरीक्षण दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सिंचाई के लिए उपयोग किए जा रहे 2 नग पंप और 22 नग पाइप को मौके से जब्त कर लिया। इसके साथ ही स्थल पंचनामा तैयार कर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि गंदे नाले के पानी से सिंचाई करना न केवल मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करता है, बल्कि ऐसी सब्जियों का सेवन आम नागरिकों के लिए गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाइयां जारी रखें। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, स्वच्छता निरीक्षक किशन दुबे, अतिक्रमण दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी, अभिषेक एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन के पुलिस बल आदि मौजूद रहा।

Next Post

इटली ने नेपाल को 10 विकेट से पीटा

Thu Feb 12 , 2026
मुंबई, 12 फरवरी (वार्ता) इटली ने गेंद और बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नेपाल को टी 20 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में गुरूवार को 10 विकेट से पीट दिया। स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने पहले टी20 विश्व कप मैच में इटली की टीम बहुत कमज़ोर लग रही थी, […]

You May Like