
रीवा, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने जिला भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया.प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और रस्साकसी हुई. इस दौरान कई प्रदर्शनकारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
रीवा जिला भाजपा कार्यालय के बाहर युवक कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और रस्साकसी हुई. बैरिकेड तोडऩे की कोशिश भी की गई, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया. हंगामे में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं, जबकि पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया. पूरे घटनाक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है और जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
