भौंरा। ग्राम पंचायत भौंरा की सरपंच मीरा धुर्वे ने आदिवासी सीनियर बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ ग्राम पंचायत के पंच जय किशोर मिश्रा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सरपंच ने छात्राओं से छात्रावास की व्यवस्थाओं, भोजन, अध्ययन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं से कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वे निसंकोच पंचायत को अवगत कराएं, ताकि समय पर समाधान कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान सरपंच ने छात्रावास में तैयार भोजन का स्वयं स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। भोजन की गुणवत्ता अच्छी मिलने पर उन्होंने अधीक्षिका गायत्री बरगले एवं छात्रावास स्टाफ की सराहना करते हुए छात्राओं को निरंतर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अधीक्षिका गायत्री बरगले ने सरपंच के समक्ष छात्रावास से मुख्य सड़क तक सीसी सड़क निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग से छात्रावास तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा है, जिससे बरसात के दिनों में कीचड़ होने के कारण छात्राओं को आवागमन में काफी परेशानी होती है। फिसलने और कपड़े खराब होने की आशंका भी बनी रहती है।
मांग पर सरपंच मीरा धुर्वे ने आश्वासन दिया कि पंचायत के माध्यम से छात्रावास तक पक्की सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, ताकि छात्राओं को बारिश के मौसम में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुविधाओं से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
