चंडीगढ़, 21 फरवरी (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य सरकार आठ मार्च को पांचवां बजट पेश करेगी, जो पहले की तरह ही समाज के हर वर्ग के कल्याण पर केंद्रित होगा।
श्री मान ने अहमदाबाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने लगातार जनहितैषी और नागरिक-केंद्रित निर्णय लिये हैं, जिन्होंने राज्य की दिशा बदल दी है। उन्होंने कहा, “ पंजाब सरकार आठ मार्च को अपना पांचवां बजट पेश करेगी और हम जनहितैषी बजट पेश करने की अपनी परंपरा को जारी रखेंगे, जिसका उद्देश्य सभी का कल्याण करना है। हमारा एकमात्र लक्ष्य आम आदमी का कल्याण सुनिश्चित करना है और हम इसे हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। आगामी बजट एक बार फिर पंजाब के लोगों को अपार लाभ प्रदान करेगा। ”
यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार कई वर्षों से भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार द्वारा पेश किया गया केंद्रीय बजट दिशाहीन और समाज के धनी वर्गों के प्रति पक्षपातपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा, “ गुजरात में, जहां लगभग विपक्ष नहीं है, आम आदमी की समस्यायें बढ़ गयी हैं और लोग परेशान हैं। कांग्रेस और भाजपा वहां दोस्ताना खेल खेल रही हैं और आम आदमी की आवाज को दबा दिया गया है। ”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री देश को विश्व गुरु बनाने की बात करते हैं, वहीं उनके गृह राज्य के लोग बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
श्री मान ने कहा, “ लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए केंद्र सरकार ने डिजिटल जनता की अवधारणा पेश की है, जहां वोट डेटा में हेराफेरी करके हर राज्य में चुनाव जीतने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। आज गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी को अपना उद्धारक मान रहे हैं। आम आदमी पार्टी के रूप में हर गुजराती परिवार की आंखों में उम्मीद की किरण नजर आ रही है। ”
राज्यों के वित्तीय अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए श्री मान ने कहा कि केंद्र ने अलोकतांत्रिक तरीके से पंजाब को ग्रामीण विकास कोष में मिलने वाला उसका उचित हिस्सा रोक रखा है, और यही स्थिति सभी गैर-भाजपा शासित राज्यों में भी है। उन्होंने कहा, “ लोकतंत्र में सरकार जनता की, जनता के लिए और जनता द्वारा बनायी जाती है, लेकिन आज विपक्ष की आवाज को दबाने का चलन बढ़ गया है। जिस प्रकार फूलों के गुलदस्ते की प्रशंसा उसके विविध फूलों के कारण होती है, उसी प्रकार लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है, जब हर आवाज सुनी जाती है।”
श्री मान ने जोर देकर कहा कि हमारी सरकार विकास के लिए धन वितरित करते समय किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा, “ जहां भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, वहां करदाताओं के पैसे का उपयोग आम आदमी के कल्याण के लिए समझदारी से किया गया है। दिल्ली के बाद, पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जन कल्याण के लिए हर रुपये का तर्कसंगत उपयोग सुनिश्चित किया है।”
