एयर इंडिया और सऊदिया ने रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के लिए किया करार

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और सऊदी अरब की सरकारी एयरलाइंस सऊदिया ने रणनीतिक सहयोग का विस्तार करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।

कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस एमओयू का उद्देश्य भारत और सऊदी अरब के बीच बेहतर हवाई संपर्क स्थापित करना तथा दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रही यात्रा मांग को समर्थन देना है। दोनों एयरलाइंस के बीच कोडशेयर समझौता पहले से है।

सऊदिया ग्रुप के महानिदेशक एच.ई. इंजीनियर इब्राहिम अल-ओमर और एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।

करार के तहत प्रमुख क्षेत्रों में मौजूदा कोडशेयर समझौते का विस्तार, दोनों एयरलाइनों के नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी, एक ही टर्मिनल से परिचालन की संभावनाओं का आंकलन तथा परिचालन और व्यावसायिक सहयोग के नये अवसरों की खोज शामिल है। इसके अलावा, दोनों एयरलाइनों के लॉयल्टी प्रोग्राम के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जायेगा।

एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस और सऊदिया की सहयोगी फ्लायअडील भी समझौते में शामिल हैं।

श्री विल्सन ने कहा, “भारत और सऊदी अरब के बीच संबंध विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मजबूत हो रहे हैं, जिससे विमानन क्षेत्र के लिए लोगों, व्यवसायों और दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को और बेहतर ढंग से जोड़ने के महत्वपूर्ण अवसर पैदा हो रहे हैं। तेजी से बढ़ते बाजारों में सेवाएं देने वाली एयरलाइनों के रूप में एयर इंडिया और सऊदिया इस सहयोग को और गहरा करने की मजबूत स्थिति में हैं। हम सऊदिया के साथ मिलकर ऐसे नये अवसरों की तलाश करने के लिए उत्साहित हैं।”

 

 

Next Post

चुरहट विधायक के ध्यानाकर्षण में टोल परियोजनाओं पर घिरी सरकार 

Thu Jul 23 , 2026
सीधी। विधानसभा में भोपाल–देवास, लेबड़–जावरा और जावरा–नयागांव टोल सड़क परियोजनाओं को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने चुरहट विधायक अजय सिंह के ध्यानाकर्षण के जवाब में लिखीत में बताया कि तीनों परियोजनाओं की मूल लागत लगभग 1360 करोड़ थी, जबकि 31 मार्च 2026 तक इनकी कुल परियोजना लागत 7818.57 […]

You May Like