
भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित मध्य प्रदेश आदिवासी अधिकार, संरक्षण एवं सशक्तिकरण समिति की पहली बैठक गुरुवार को भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के आदिवासी समाज से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके अधिकारों की रक्षा और समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संविधान प्रदत्त अधिकारों की सुरक्षा, जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समुदाय के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आजीविका से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। समिति ने इन मुद्दों पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से व्यापक कार्ययोजना तैयार कर राज्यभर में प्रभावी पहल करने का संकल्प लिया।
उमंग सिंघार ने कहा कि समिति प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर स्थानीय परिस्थितियों और आदिवासी समुदाय की समस्याओं का अध्ययन करेगी तथा उनके मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी। बैठक में चरणबद्ध तथ्य-संग्रह अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि जमीनी स्तर से प्राप्त जानकारी के आधार पर ठोस सुझाव और प्रभावी रणनीति तैयार कर आदिवासी समुदाय की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जा सके।
