एक बारिश में डूबा भोपाल! सड़कें बनीं तालाब

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। कुछ घंटों की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जेके रोड, भोपाल टॉकीज, काली बस्ती, सुंदर नगर, शंकर नगर, पुष्पा नगर और इंद्रा बस्ती समेत कई क्षेत्रों की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़कों पर भरा पानी, लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थम गई, जबकि कई जगह लोगों को पैदल पानी से होकर निकलना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति देखने को मिलती है। उनका आरोप है कि समय रहते नालों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में भर जाता है।
हर साल उठता है वही सवाल
भोपाल में मानसून के दौरान जलभराव कोई नई समस्या नहीं है। हर वर्ष बारिश के साथ शहर के कई हिस्सों में ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं। इसके बावजूद नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर उठने वाले सवाल अब भी बरकरार हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं तो ऐसी स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता है।

Next Post

इस हफ्ते से भोपाल मेट्रो को मिल सकती है नई रफ्तार, CMRS की मंजूरी के बाद दोनों ट्रैक पर शुरू हो सकता है संचालन

Thu Jul 23 , 2026
भोपाल। मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (CBTC) सिग्नलिंग सिस्टम का परीक्षण पूरा होने के बाद अब CMRS (कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी) की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही इसी हफ्ते से प्रायोरिटी कॉरिडोर पर […]

You May Like