इंदौर:शहर में अलग अलग क्षेत्रों में आत्महत्या की तीन घटनाएं सामने आई हैं. गुरुवा नगर में पत्नी को मायके भेजने के बाद एक युवक ने फांसी लगा ली, वहीं पलासिया और खजराना क्षेत्र में भी एक युवती और युवक ने आत्मघाती कदम उठाया. तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.गुरुवानगर में रहने वाले 22 वर्षशीय दुर्गेश गिरवाल ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. वह प्लंबर का काम करता था और अपने मामा के घर रह रहा था. परिजनों के अनुसार दुर्गेश ने कुछ समय पहले राऊ निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था.
घटना से पहले उसने पत्नी को मायके भेजते हुए कहा था कि घर में शौचालय का निर्माण कराने के बाद उसे वापस बुला लेगा. पत्नी के जाने के बाद उसने यह कदम उठा लिया. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. वहीं पलासिया थाना क्षेत्र की बड़ी ग्वालटोली में रहने वाली 25 वर्षीय रिम्शा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, रिम्शा तलाकशुदा थी. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.
इधर खजराना थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रहने वाले 26 वर्षीय अजहर ने भी फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका इलाज चल रहा था. पुलिस ने तीनों मामलों में शवों का पोस्टमार्टम कराया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है.
