नगरीय निकाय चुनाव जनता के बीच संगठन की पहुंच, विश्वसनीयता और जनसेवा के संकल्प की परीक्षा:- नकुलनाथ

छिन्दवाड़ा:- कांग्रेस के सर्वमान्य जनप्रतिनिधि व जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्ना के पर्यवेक्षक एवं प्रभारीगण की आयोजित बैठक में सम्मिलित हुए। संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के उपरांत नकुलनाथ ने स्पष्ट करते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव वर्ष 2027 के जून माह में होंगे। इसके लिए सभी को अभी से तैयार होने की आवश्यकता है।

नकुलनाथ ने अपने विचारों को साझा करते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव केवल स्थानीय जनप्रतिनिधियों का चुनाव नहीं है। यह चुनाव जनता के बीच संगठन की पहुंच, विश्वसनीयता और सेवा के संकल्प की सच्ची परीक्षा भी है। चुनाव में जीत और हार एक अलग विषय है, क्योंकि निकाय चुनाव विधानसभा और लोकसभा चुनाव से बिल्कुल अलग है। स्थानीय मुद्दे, चुनाव में प्रत्याशी की जनता के बीच पूछ और परख बहुत बायने रखती है। इसीलिये नगर पालिक निगम से लेकर नगर पालिका, नगर परिषद और नगर पंचायतों के साथ ही जिला, जनपद व ग्राम पंचायतों के चुनाव भी हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण है जितने विधानसभा व लोकसभा चुनाव होते हैं। संगठन की जमीनी स्तर पर मजबूती की असली तस्वीर इन्हीं चुनावों से सामने आती है। इसीलिये हमें आज से अभी से पूरी गम्भीरता व लगन के साथ बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए तैयारियों में जुट जाना होगा। संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता से सतत संवाद को प्राथमिकता देते हैं, तो निश्चित रूप से कांग्रेस नगरीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारियां जितनी मजबूत होगी, जीत उतनी ही सुनिश्चित होगी। उन्होंने आगे कहा कि मप्र में 413 नगरीय निकायों में चुनाव होने हैं, इनमें से 16 नगर निगम, 99 नगर पालिका व 298 नगर परिषद शामिल है। नगर निगम में महापौर और पार्षद के चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होंगे यानी मतदाता सीधे अपने जनप्रतिनिधि चुनेंगे। इसीलिये आवश्यक है कि तैयारियों में किसी तरह की कमी व लापरवाही ना बरती जाए। आयोजित बैठक में छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पर्यवेक्षक व प्रभारीगण उपस्थित रहे।

Next Post

गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की रखें विशेष निगरानी: विकास

Wed Jul 22 , 2026
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित एवं विशेष निगरानी सुनिश्चित की […]

You May Like