
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत गुरुपिपरिया गांव के पास जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने सामने से आ रही मारुति इको कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला कार को घसीटते हुए सड़क किनारे एक खेत में जा घुसा। इस भयानक दुर्घटना में इको कार के परखच्चे उड़ गए। कार चालक अजय पटेल निवासी तेंदूखेड़ा जिला दमोह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में वाहन में सवार छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद कार की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण चालक का शव अंदर ही फंस गया। पाटन थाना पुलिस ने शव को बाहर निकालने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की। आखिरकार गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से कार के हिस्सों को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से पाटन सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
