18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली, यूपी और बिहार में आज मूसलाधार बारिश

IMD ने 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, हिमाचल और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी।

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने 22 जुलाई को देश के 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव तथा अचानक बाढ़ का खतरा भी जताया गया है।

किन 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के अंदर पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, केरल, ओडिशा समेत 18 राज्यों मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे।

हालांकि 23 जुलाई से मौसम में कुछ राहत देखने को मिलेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि 24 और 25 जुलाई को कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। जबकि 26 जुलाई को आसमान में बादलों का डेरा रहेगा।

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। जैसे पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर समेत काफी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी बारिश होने की संभावना है।

बता दें कि इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे कुछ स्थानों पर जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा, पटना, गया, रोहतास, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय सहित 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 22 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

इतना ही नही 22 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है। वहीं दूसरी तरफ पूर्वी यूपी में 23 और 24 जुलाई को व्यापक स्तर पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है, जबकि 26 और 27 जुलाई को फिर से भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 जुलाई तक कई इलाकों में लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम?
पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। इसी बीच 22 जुलाई के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तीन-चार दिन लगातार कई इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। वहीं पर 25 से 27 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 22 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने मीडिया को बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके साथ ही कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी गई है, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत समेत कई जिलों में 22 से 27 जुलाई के बीच मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर बना रहने के आसार हैं। शुरुआती दिनों में कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है, जबकि बाद में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है, जिनकी रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

 

Next Post

डीएवीवी में सीयूईटी (यूजी)-2026 कर्मचारी कोटे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू

Wed Jul 22 , 2026
इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डीएवीवी ने सीयूईटी (यूजी)-2026 के अंतर्गत कर्मचारी कोटे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार कर्मचारियों, अधिकारियों, शिक्षकों और उनके आश्रितों को कर्मचारी कोटे के तहत प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए सीयूईटी (यूजी)-2026 परीक्षा देना अनिवार्य होगा. प्रवेश के लिए वही […]

You May Like