भिंड: जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में सोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य युवकों को चोटें आई हैं। बैंक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी बाइक का पीछा किया था, जिससे घबराकर भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के खंभे से टकरा गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऐनो गांव निवासी 20 वर्षीय विकास जाटव अपने तीन अन्य साथियों के साथ सोनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसके साथ सिलौली निवासी अरविंद सिंह (29), कौंहार निवासी गिरीश (20) और एंडोरी निवासी कोमल (26) भी थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर वापस ऐनो गांव की ओर जा रहे थे।
रास्ते में सुनारपुरा मोड़ के पास उन्हें बैंक फाइनेंस से जुड़े कुछ कर्मचारी मिल गए। जिस बाइक पर वे चारों सवार थे, वह फाइनेंस पर खरीदी गई थी और उसकी किश्तें बकाया थीं। आरोप है कि कर्मचारियों ने बाइक को रोकने का प्रयास किया और उनके पीछे लग गए। इससे बाइक चला रहा विकास घबरा गया और उसने रिकवरी एजेंटों से बचने के लिए तेज गति से वाहन दौड़ा दिया।लोहे के पोल से बेकाबू बाइक टकरा ग़ई। सभी घायलों को मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया।
