विनय असाटी
दमोह: जिला कांग्रेस कमेटी दमोह के तत्वाधान में और जिला अध्यक्ष मानक पटेल के नेतृत्व में मंगलवार रात 9 बजे जिले भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरसते पानी के बीच धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन छात्रों की मांगों के समर्थन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया।
जिले भर में दिखा कांग्रेस का विरोध
जिला मुख्यालय दमोह के कलेक्ट्रेट सहित हटा, जबेरा, तेंदूखेड़ा, पथरिया और अन्य स्थानों पर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता धरने पर बैठकर विरोध करते नजर आए।
दमोह शहर कलेक्ट्रेट का नजारा
दमोह शहर के कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, तहसीलदार धनीराम गौड़,पटवारी तिलक राज यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्र लाठीचार्ज के विरोध में हटा में कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर मंगलवार को छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में हटा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सराफ और नगर कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश पटेरिया ने किया।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के घेराव के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अलोकतांत्रिक तरीके से पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन में जिला महामंत्री रामनाथ राय, पूर्व पार्षद बृजेश गुप्ता, युवक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ राय, राजेश यादव, विनोद वर्मन, विवेक जैन, शकील मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस व्यवस्था में टीआई हटा सुधीर कुमार बेगी और तहसीलदार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
तेंदूखेड़ा, जबेरा सहित अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन
तेंदूखेड़ा तहसील ग्राउंड में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। यहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी मौजूदगी रही और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जबेरा में यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान तहसीलदार राजेश साहू, अटल बिहारी वर्मा सहित पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। पथरिया यहां भी कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी और राहुल गांधी के साथ की जा रही कार्रवाई के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।
