
भोपाल। जीआरपी थाना रानी कमलापति स्टेशन पर विशाल मानव श्रृंखला बना कर नशे के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाया गया. मंगलवार को इस अवसर पर यूके से आए प्रोफेसर रॉबिन और उनकी टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया.
नशे के बढ़ते दुष्ठाभावों के प्रति समाज को जागरूक करने और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से आज ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान जारी है. रेलवे स्टेशन रानी कमलापति में अभियान के तहत आम जनमानस, विद्यार्थियों और यात्रीयों, कुली, वेंडर व महिला कार्यकर्ताओ ने एकजुट होकर एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई. इसके जरिए समाज को नशा-मुक्त बनाने का सशक्त संदेश दिया गया. श्रृंखला में हाथों में जागरूकता तख्तियां और बैनर लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा रेलवे स्टेशन गूंज उठा. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई. इसका मुख्य उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं को सही राह दिखाना, पुनर्वास में मदद करना और नशा-मुक्त समाज का निर्माण करना है.
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है. यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है. बनी यह मानव श्रृंखला हमारी एकजुटता और नशा-मुक्त समाज के संकल्प का प्रतीक है. कार्यक्रम मे अति. पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल, नीतू डाबर, उप पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल, रामस्नेह चौहान, रक्षित निरीक्षक अभय सोनी के साथ जीआरपी थाना भोपाल/ आरकेएमपी व आर.आर.पी.लाईन के साथ ही हजारों लोग अभियान का हिस्सा रहे.
