इंदौर रोड पर हुई दुर्घटना, मोबाइल से हुई शिनाख्त
उज्जैन। महाकाल दर्शन करने आया युवक देर रात वापस लौट रहा था। इंदौररोड पर बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल से की गई।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि रात 1 बजे तपोभूमि चौराहा पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डा्रॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला था। मामले में मर्ग कायम कर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किये गये। उसके पास मोबाइल मिला था। जिसमें दर्ज नंबरों पर कॉल करने पर उसकी मां अरुणा पति सुमेरसिंह सेंधव से संपर्क हुआ। जिन्हें युवक के घायल होने की सूचना देकर जिला अस्पताल आने के लिये कहा गया। परिजनों के देर रात उज्जैन पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी दी गई और शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखना बताया। परिजनों ने शव देख मृतक की शिनाख्त राजवीर पिता सुमेरसिंह सेंधव 20 वर्ष निवासी इटावा देवास के रूप में की। परिजनों ने बताया कि महाकाल दर्शन करने का बोलकर निकला था। दर्शन के बाद महाकाल लोक घूमने गया था, जहां से देर रात वापस लौट रहा था। मामले में पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना चार पहिया वाहन से हुई है।