सतना: चेम्बर महामंत्री मनोज कटारे ने बताया कि चेम्बर ने महापौर योगेश ताम्रकार को पत्र लिखकर यह याद दिलाया है कि ज्ञापन लेते वक्त उन्होंने कहा था कि व्यापारियो की मांगे जायज है एवं इन सभी जायज मांगो के स्थाई समाधान के लिए तीन दिन के अन्दर नगर निगम अधिकारी और वे स्वयं चेम्बर प्रतिनिधि मण्डल के साथ मीटिंग करेगे। परन्तु 6 दिन बीत जाने के बाद भी चेम्बर को इस आशय की कोई भी सूचना प्राप्त नही हुई है।
गौरतलब है कि विन्ध्य चेम्बर आॅफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज सतना का प्रतिनिधि मण्डल, 51 व्यापारी एवं सामाजिक संस्थाओ के प्रतिनिधि और सैकड़ों व्यापारी शहर मे व्याप्त सड़क, नाली, पेयजल, गंदे पानी का निकास, यातायात व्यवस्था आदि विषयो से जुड़ी विभिन्न मांगो को लेकर मंगलवार को ज्ञापन सौपनंे के लिए नगर निगम आयुक्त के कार्यालय पहुंचे थे। व्यापारियो को रोकने के लिए बेरिकेट और वाटर केनन का उपयोग भी किया गया था।
लगभग 6 घण्टे तक व्यापारी निगम परिषर के चबूतरे मे बैठे रहे परन्तु नगर निगम आयुक्त और नगर निगम का कोई भी अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आये। तत्पश्चात मौके पर ए.डी.एम. विकास सिंह एवं महापौर योगेश ताम्रकार पहुंचे थे और व्यापारियो की समस्या को जायज बताते हुए तीन दिन के अंदर समाधान का आश्वासन देते हुए ज्ञापन लिया था।
व्यापारियों में बढ़ रही निराशा
व्यापारियो की मांगो के प्रति नगर निगम प्रशासन की अनदेखी से व्यापारी वर्ग आक्रोशित है और ऐसे समय मे छः दिन बीत जाने के बाद भी सतना महापौर से सहयोग न मिलना निराशाजनक है चेम्बर भवन मे चेम्बर पदाधिकारियो की बैठक मे सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि यदि अतिशीध्र शहर मे व्याप्त विभिन्न समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा कदम नही उठाये जायेंगे तो चेम्बर अपनी सहयोगी संस्थाओ के बैठक कर अपने इस आंदोलन के द्वितीय चरण की रूपेरखा बनायेगा।
