इंदौर: इंदौर-उज्जैन सड़क चौड़ीकरण अंतिम चरण में पहुंच गया है. सड़क का संपूर्ण निर्माण कार्य इस साल के अंत तक पूरा होने की संभावना है. उक्त सड़क पर 6 फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित किया गया था, जिसमें से चार फ्लाई ओवर ब्रिज बन गए है. चारों फ्लाई ओवर से आवागमन भी शुरू हो चुका है. शेष दो फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है और ऐसी संभावना है कि अगले महीने तक दोनों फ्लाई ओवर के ऊपर से यातायात शुरू हो जाएगा.
एमपीआरडीसी द्वारा सिंहस्थ को लेकर इंदौर उज्जैन सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. उक्त चार लेन सड़क को छह लेन में में बदला जा रहा है. सड़क चौड़ीकरण कार्य उदयपुर की रवि इंफ्रास्ट्रख्र कंपनी 623 करोड़ रुपए में दिया गया है. सड़क आगामी 2028 के सिंहस्थ को लेकर चौड़ीकरण के अतिरिक्त 6 फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित थे. 6 फ्लाई ओवर ब्रिज में से चार फ्लाई ओवर ब्रिज बनकर तैयार हो गए है और फ्लाई ओवर ब्रिज पर से यातायात का आवागमन भी शुरू हो गया है. शेष दो फ्लाई ओवर ब्रिज सांवेर ओर तपोभूमि का निर्माण कार्य भी अगले महीने के अंत तक पूरा होने की संभावना बताई जा रही है. एक महीने बाद इंदौर से उज्जैन तक निर्बाध यातायात की सुविधा आम जनता को मिल जाएगी. फ्लाई ओवर के अतिरिक्त मुख्य सड़क का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा होने के कगार पर है. अरविंदो से आगे 5 से 7 किलोमीटर सड़क का काम बाकी है. बात सड़क पर यातायात संकेतक, ग्रामीण क्षेत्रों में रेलिंग और सड़क सुरक्षा के उपकरण लगाना शेष है. उक्त कार्य सड़क निर्माण पूरा होने वाली जगहों पर कुछ दिनों में शुरू कर दिया जाएगा.
सर्विस रोड नहीं बनाई
उक्त सड़क में एक बड़ी खामी यह है कि सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड नहीं बनाई गई है. उक्त सड़क बनने के बाद इंदौर से अरविंदो हॉस्पिटल से महांकाल गेट उज्जैन तक 45 किलोमीटर लंबी यात्रा मात्र 30 मिनिट में पूरी हो जाएगी. 45 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर 12.5 मीटर चौड़ाई बढ़ाई गई है. खास बात यह है कि उक्त सड़क निर्माण में सरकार को जमीन अधिग्रहण नही करना पड़ा है. यही कारण यह है कि सिक्स लेन के दोनों तरफ सर्विस लेन नहीं बनाई जा रही है.
रोड सेफ्टी, संकेतक लगाने का कार्य शुरू
एमपीआरडीसी के कार्यपालन यंत्री गगन भाभर ने बताया कि छह में चार फ्लाई ओवर से यातायात शुरू हो गया है. शेष 2 फ्लाई ओवर ब्रिज का काम भी अगस्त अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. सड़क चौड़ीकरण कार्य का समय जनवरी 27 है. सड़क पर रोड सेफ्टी,संकेतक और ग्रामीण क्षेत्रों में रेलिंग लगाने का कार्य शुरू हो गया है.
इंदौर उज्जैन 6 लेन सड़क की वर्तमान प्रगति
– पंथ पिपलई,धरमपुरी, सांवेर दो फ्लाई ओवर ब्रिज से यातायात शुरू
– 45 किलोमीटर लंबी दूरी 30 मिनट में होगी पूरी
– 623 करोड़ रुपए से सड़क चौड़ीकरण का कार्य अंतिम चरण
– 6 फ्लाई ओवर ब्रिज में से तपोभूमि का 1 और 1 सांवेर का ब्रिज अगले एक महीने में शुरू होने की संभावना है.
