लखनऊ, 20 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह रामनगर-दरियाबाद क्षेत्र में 542 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होगा, जहां वह सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
बाराबंकी दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे राज्य परिवर्तन आयोग (स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में आयोग के सदस्यों के साथ राज्य के विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे बाढ़ एवं सूखे की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रदेश में बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का प्रस्तुतीकरण देंगे।
मुख्यमंत्री राहत एवं बचाव कार्यों, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। मानसून के मद्देनजर आयोजित इस बैठक में संभावित बाढ़ और सूखे की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
