इंदौर: पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और मृतका के पति अखिलेश सैनी का शव रविवार को गंजबासौदा के पास रेलवे ट्रैक पर मिला. शव का सिर धड़ से अलग था. पैंट की जेब से आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और एक सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी. इसके बाद इंदौर पुलिस का एक दल अखिलेश के परिजनों को साथ लेकर गंजबासौदा पहुंचा, जहां उसके पिता और भाई ने शव की शिनाख्त की.
गंजबासौदा और पवई के बीच रेलवे ट्रैक के पोल नंबर 925 के पास सिरविहीन शव पड़े होने की सूचना शहर थाना गंजबासौदा पुलिस को मिली थी. पुलिस ने बताया कि थाना प्रभारी संजय वेदिया मौके पर पहुंचे तो केवल धड़ मिला, जबकि सिर गायब था. पुलिस ने रेलवे ट्रैक के आसपास करीब छह किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन सिर का पता नहीं चल सका. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि 11 जुलाई को थाना क्षेत्र के सरकारी आवास में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद से आरोपी अखिलेश सैनी फरार था. जांच के दौरान मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया था कि उसका पिता लंबे समय से मां पर बेवजह शक करता था और पहले भी कई बार मारपीट व जान से मारने की कोशिश कर चुका था. आरोपी की गिरफ्तारी पर पहले 10 हजार और बाद में 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान अखिलेश कहां छिपा रहा और उसकी मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
थाना प्रभारी संयोगितागंज केपी यादव ने बताया कि गंजबासौदा पुलिस से सूचना मिलने के बाद इंदौर पुलिस का दल परिजनों को लेकर मौके पर पहुंचा. मृतक के पिता और भाई ने शव की शिनाख्त अखिलेश सैनी के रूप में की है, शव के पास से जो दस्तावेज बरामद हुए हैं, उसे भी उसकी पुष्टि हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
