नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार संचालित सफदरजंग अस्पताल और पुलिस के खिलाफ रविवार को सोनम वांगचुक की पत्नी के लगाये गये आरोपों पर गहरी चिंता जतायी है।
उनके दावों का हवाला देते हुए श्री भारद्वाज ने खुलासा किया, “पुलिस ने श्री वांगचुक को अस्पताल में अवैध रूप से हिरासत में रखा है, ताकि वे सोमवार को होने वाले संसद मार्च में शामिल न हो सकें। इसके साथ ही अस्पताल ने उनकी ब्लड टेस्ट रिपोर्ट को लेकर भी गलत जानकारी दी है।
आप नेता ने लोगों से अपील की कि वे सोमवार सुबह नौ बजे जंतर-मंतर पर इकट्ठा हों और सोनम वांगचुक के समर्थन में संसद तक शांतिपूर्ण मार्च में शामिल हों।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सोनम वांगचुक की पत्नी ने एक महत्वपूर्ण अपडेट साझा किया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें केंद्र सरकार के सफदरजंग अस्पताल पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। उनके मुताबिक, अस्पताल उनके ब्लड टेस्ट के बारे में गलत जानकारी दे रहा है। उन्होंने यह भी साझा किया है कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल के भीतर अवैध रूप से हिरासत में रखा है।”
एक वीडियो संदेश में श्री भारद्वाज ने कहा, “श्री सोनम वांगचुक की पत्नी ने उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर और चौंकाने वाला अपडेट साझा किया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें केंद्र सरकार के सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है। इससे पहले, अस्पताल ने उन्हें बताया था कि श्री वांगचुक का पोटेशियम स्तर खतरनाक रूप से गिर गया है और उनकी जान को खतरा है।
चूंकि उन्हें अस्पताल की बातों पर भरोसा नहीं था, इसलिए उन्होंने स्वतंत्र रूप से उनके खून के नमूने एक प्रयोगशाला में भेजे। जब आज सुबह टेस्ट के नतीजे आये तो वे चौंकाने वाले थे, क्योंकि श्री वांगचुक का पोटेशियम स्तर पूरी तरह से सामान्य था।”
