नियामी (नाइजर) | अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी में स्थित डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इस्लामिक स्टेट (IS) के आतंकवादियों ने भीषण हमला किया है। सोमवार को जारी एक चौंकाने वाले वीडियो में भारी हथियारों से लैस आतंकी रनवे पर यात्री विमानों के पास खुलेआम फायरिंग करते और एक हेलिकॉप्टर व ड्रोन को आग के हवाले करते नजर आ रहे हैं। इस अचानक और समन्वित हमले में नाइजर के चार सैनिकों की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 20 हमलावरों को ढेर कर दिया। हमले के दौरान हुए तेज धमाकों और गोलीबारी से घंटों तक पूरे एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
SITE इंटेलिजेंस ग्रुप द्वारा जारी वीडियो फुटेज का विश्लेषण करने पर विशेषज्ञों ने पाया कि हमलावर ‘कनुरी’ भाषा बोल रहे थे, जो मुख्य रूप से लेक चाड क्षेत्र में सक्रिय ‘इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस’ के लड़ाकों द्वारा इस्तेमाल की जाती है। इससे संकेत मिलता है कि इस हमले को अनुभवी आतंकियों द्वारा बेहद सावधानी से प्लान किया गया था। हमले की चपेट में आने से पैन-अफ्रीकी एयरलाइन (ASKY) और एयर कोटे डी आइवर के कई विमानों को नुकसान पहुँचा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि यह हमला परिचालन समय के बाहर हुआ, जिससे किसी यात्री या चालक दल के सदस्य की जान नहीं गई।
नाइजर में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और सीधे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका ने कड़ा रुख अपनाया है। अमेरिकी सरकार ने एहतियात के तौर पर अपने सभी गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को तत्काल नाइजर छोड़ने का आदेश जारी कर दिया है। अमेरिका ने इसे ‘सुरक्षा संकट’ बताते हुए अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी भी अपडेट की है। फिलहाल नाइजर की सेना ने एयर बेस 101 और एयरपोर्ट पर नियंत्रण पा लिया है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है और आतंकियों के स्लीपर सेल की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

