शिवपुरी: जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में सुबह दो चचेरी नाबालिग बहनों के शव कुएं से बरामद किए गए। ये दोनों बहनें लापता थीं। पुलिस ने पहले अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।डेहरवारा निवासी राजेंद्र धाकड़ की 16 वर्षीय बेटी कीर्ति धाकड़ और उनके भाई सुघर सिंह धाकड़ की 17 वर्षीय बेटी पूनम धाकड़ परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गई थीं। परिजनों ने बताया कि जब परिवार के सदस्य जागे तो दोनों बिस्तर पर नहीं थीं।
काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर तेंदुआ थाने में सूचना दी गई, इसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। सुबह पुलिस को दोनों के घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं के पास एक नाबालिग की चप्पल मिली। आशंका के आधार पर पुलिस ने करीब 70 फीट गहरे कुएं का लगभग 40 फीट पानी मोटर की मदद से बाहर निकलवाया। पानी कम होने के बाद ग्रामीणों की सहायता से कुएं में तलाश की गई, जहां दोनों नाबालिगों के शव बरामद हुए।
