
बैतूल। शाहपुर थाना क्षेत्र के पाठई गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद भी जहरीला पदार्थ पी लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर की है। विवाद के बाद आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पूरी रात घर के भीतर ही रहा। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों और रिश्तेदारों को जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी तीन दिन से घर से बाहर थी और गुरुवार को नशे की हालत में वापस लौटी थी। उसने पत्नी से अपनी मां को नहलाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने हाथ-पैर तथा लाठी से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने कथित रूप से खेतों में उपयोग होने वाला जहरीला पदार्थ पी लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत में सुधार होने पर उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि घरेलू विवाद के दौरान हुई मारपीट में महिला की मौत हुई है। आरोपी नशे का आदी है और उसने भी जहरीला पदार्थ पी लिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है तथा आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
