भारतीय हॉकी टीम ने शूटआउट में इंग्लैंड को 3-2 से हराया

लंदन, 29 जून (वार्ता) भारतीय हॉकी टीम ने अपने अंतिम एफआईएच प्रो लीग 2025-26 मुकाबले में इंग्लैंड को शूटआउट में 3-2 से हराकर अभियान का शानदार समापन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला गोलरहित रहा, जिसके बाद भारत ने शूटआउट में जीत दर्ज कर बोनस अंक हासिल किया। रविवार को खेले गये मुकाबले के शूटआउट में भारत की ओर से अभिषेक, शिलानंद लाकरा और हार्दिक सिंह ने अपने प्रयास सफलतापूर्वक गोल में बदले। वहीं, शानदार डिफेंसिव प्रदर्शन के लिए डिफेंडर संजय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भारत ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 अंकतालिका में 16 मैचों से 19 अंक हासिल किए और नौ टीमों में आठवें स्थान पर रहा। भारतीय टीम ने पूरे अभियान में चार मैच जीते, पांच ड्रॉ खेले, दो शूटआउट बोनस अंक अर्जित किए और सात मुकाबलों में हार का सामना किया।

इससे पहले सप्ताह में बेल्जियम ने 39 अंकों के साथ एफआईएच प्रो लीग 2025-26 का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही बेल्जियम ने टूर्नामेंट चैंपियन के रूप में लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधा क्वालिफिकेशन भी हासिल कर लिया। भारत अंकतालिका में पाकिस्तान से एक स्थान ऊपर रहा, जबकि पाकिस्तान अपने सभी 16 मुकाबले हारकर सबसे निचले स्थान पर रहा। मैच की शुरुआत में दुनिया की दूसरे नंबर की टीम इंग्लैंड ने दबदबा बनाया और भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार की कड़ी परीक्षा ली। इंग्लैंड को शुरुआती पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन सैम वार्ड गोल करने में नाकाम रहे। मोहित ने कई बेहतरीन बचाव कर मेजबान टीम को बढ़त लेने से रोके रखा।

इसके बाद भारतीय हॉकी टीम ने भी लय पकड़ी। अभिषेक और जरमनप्रीत सिंह ने गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन इंग्लैंड की रक्षापंक्ति भी मजबूत रही। हाफ टाइम तक स्कोर गोल रहित बराबरी पर था। तीसरे क्वार्टर के अंतिम चरण में मुकाबले का सबसे अहम मोड़ आया, जब यशदीप सिंह की चुनौती के बाद इंग्लैंड को पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया। हालांकि, भारतीय टीम ने तुरंत रेफरल लिया और वीडियो रिप्ले में यशदीप का टैकल पूरी तरह सही पाए जाने के बाद अंपायर ने अपना फैसला पलट दिया। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी। भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि गोलकीपर संजय करकेरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अहम बचाव किए। मैच खत्म होने से महज दो सेकेंड पहले इंग्लैंड को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन भारत के सफल रेफरल के बाद वह फैसला भी बदल दिया गया।
इसके बाद हुए शूटआउट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार संयम दिखाया। अभिषेक, शिलानंद लाकरा और हार्दिक सिंह ने अपने-अपने प्रयास सफलतापूर्वक गोल में बदले, जबकि भारतीय गोलकीपर ने इंग्लैंड को सिर्फ दो सफल गोल तक ही सीमित रखा।

.....

Next Post

देवसर में कॉपरेटिव बैंक के चपरासी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Mon Jun 29 , 2026
सिंगरौली: देवसर स्थित कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत चपरासी पप्पू केवट लगभग 50 वर्ष ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव का […]

You May Like