जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत रिछाई ब्रिज पर एक फैक्ट्री कर्मचारी को रोककर तीन अज्ञात लुटेरों ने चाकू से हमला कर कीमती मोबाइल और जेब में रखे 8,000 नगद लूट लिए और कट्टे लहराते हुए रफूचक्कर हो गए।अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि गांधी वार्ड पनागर का रहने वाला 24 वर्षीय अमित खटीक रिछाई स्थित ‘साईं कृपा फैक्ट्री’ में काम करता है। रोज की तरह वह रात करीब 10:00 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह रिछाई ब्रिज के ऊपर पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक आए और अमित का रास्ता रोक लिया।
आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बदमाशों ने पहले अमित से गुटखा मांगा, लेकिन जब अमित ने उन्हें नजरअंदाज करने की कोशिश की, तो दो आरोपी उसके दाएं-बाएं खड़े हो गए और तीसरे ने उसकी जेब खंगालनी शुरू कर दी। अमित ने जब बदमाशों की इस हरकत का विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो शातिर अपराधियों ने चाकू निकाल लिया। बदमाशों ने अमित के बाएं पैर की जांघ पर चाकू से जोरदार हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी अमित की जेब से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और नगद 8,000 लूटकर अपनी मोटरसाइकिल से हवा में कट्टे लहराते हुए फरार हो गए।
घायल अमित खटीक को तुरंत सुहागी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अमित की शिकायत पर अज्ञात तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हुलिए के आधार पर आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
