
शुजालपुर, थाना कालापीपल क्षेत्र के ग्राम नांदनी में 10 वर्षीय बालक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गंभीर आपराधिक कृत्य में संलिप्त एक नाबालिक बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बालकों के बीच हुए विवाद के बाद चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को नांदनी निवासी 10 वर्षीय बालक प्रियांशु मेवाड़ा पिता सुरेश मेवाड़ा के अपहरण की सूचना मिलने पर थाना कालापीपल में प्रकरण दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की गई. थाना प्रभारी रवि भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ग्रामीणों के सहयोग से पूरी रात सघन खोजबीन की. शुक्रवार सुबह गांव के समीप स्थित एमपीईबी के एक खंडहर में बालक का शव बरामद हुआ. सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय तथा एसडीओपी निमेश देशमुख मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. डॉग स्क्वॉड, एफ एसएल एवं फि ंगरप्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए. जांच के दौरान पुलिस ने उन बालकों से पूछताछ की, जो घटना से पहले मृतक के साथ खेल रहे थे. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिक बालक को अभिरक्षा में लिया गया.
प्रारंभिक पूछताछ में यह आया सामने…
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिक ने बताया कि उसने मृतक से गुटका पाउच लाने के लिए कहा था. पाउच लाने के बाद मृतक ने भविष्य में ऐसी वस्तुएं नहीं मंगवाने की बात कही, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद के दौरान मृतक बालक एमपीईबी के खंडहर की ओर भागा, जहां पीछा कर आरोपी बालक ने कथित रूप से चाकू से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. मामले की विवेचना जारी है तथा किशोर न्याय अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
