कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक: मानसून सत्र के लिए बनेगी रणनीति

भोपाल। आगामी मानसून विधानसभा सत्र को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 19 जुलाई को शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के शासकीय निवास बी-12 (ए), 74 बंगला, भोपाल में आयोजित होगी। बैठक में विधानसभा सत्र के लिए कांग्रेस की रणनीति तय की जाएगी तथा सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

बैठक में कांग्रेस विधायक राज्य के प्रमुख जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे और यह तय करेंगे कि विधानसभा में किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी रोजगार सृजन, भर्ती परीक्षाओं में सुधार, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के अधिकार, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगेगी।

इसके साथ ही प्रदेश में सामने आए कथित घोटालों और भ्रष्टाचार के मामलों को भी विधानसभा में जोरदार ढंग से उठाने की तैयारी की जाएगी। कांग्रेस इन मामलों में सरकार से विस्तृत जवाब और जवाबदेही सुनिश्चित करने की रणनीति बनाएगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल जनता की आवाज को पूरी मजबूती से विधानसभा में उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, केन-बेतवा परियोजना तथा आदिवासी और दलित समुदायों के अधिकार जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं और इन पर सरकार को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ विधानसभा सत्र में उतरेगी ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जा सके।

 

Next Post

शोले स्टाइल में हाई वोल्टेज ड्रामा: पत्नी वियोग में उसी BSNL टावर पर चढ़ा युवक, जिस पर बंगाल का बुजुर्ग 3 दिन बैठा रहा

Fri Jul 17 , 2026
पांढुरना। पत्नी वियोग से दु:खी पति ने अपनी पत्नी को वापस घर बुलाने के लिए नगर के उसी बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया,जिस पर पश्चिम बंगाल का वृध्द तीन दिनों तक चढक़र बैठ गया था,जिसे नीचे उतारने में प्रशासन को काफी मश्कत करनी पडी थी,शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के […]

You May Like