जबलपुर: भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को रौंद दिया। हादसे में पति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई जिसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक विष्णु बर्मन पिता गया प्रसाद बर्मन 45 वर्षीय निवासी मनेरी मंडला का पत्नी ज्योति बर्मन 40 वर्ष को मोटर सायकिल में बैठाकर रिश्तेदारी में जा रहा था।
जैसे ही बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भेदन ग्राम पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गए, टक्कर इतनी जोरदार रही कि पति-पत्नी उछलकर दूर जा गिरे। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर चोटें आने से विष्णु बर्मन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि ज्योति को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
