
दमोह। वन परिक्षेत्र दमोह अंतर्गत जुझार घाट पर मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए हैं।
सूचना मिलते ही वनमंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे,एसडीओ दमोह एमडी मानिकपुरी और वन रेंजर विक्रम चौधरी के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची। संभावित जनहानि की रोकथाम के लिए घाट के आसपास स्थित सभी गांवों में मुनादी कराकर आमजन से अपील की गई है कि आगामी सूचना तक नदी व घाट किनारे न जाएं और अनावश्यक रूप से नदी के समीप जाने से बचें।
मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संबंधित स्थल पर पिंजरा लगाया गया है। वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
वन विभाग ने आमजन से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और मगरमच्छ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
